Crime News : पत्नी से लड़कर घर से निकले पति की पत्थर से कूचकर हत्या
Crime News : गुमला सदर थाना क्षेत्र के चौली नवाटोली गांव में बंदी साहू के 45 वर्ष पुत्र रमेश साहू की अज्ञात अपराधियों द्वारा पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी. जिसकी सूचना मिलने पर रविवार को सदर थाना के एसआइ कुमार सरंजय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला लाये. परंतु शाम होने की वजह से शवगृह में रखवा दिया है. शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जायेगा. इस संदर्भ में मृतक की पत्नी राधा देवी ने बताया कि शनिवार को वह अपने पुत्र को लेकर नवोदय स्कूल में नामांकन की परीक्षा दिलाने के लिए गुमला आयी थी. घर में दूसरे पुत्र के साथ रमेश साहू घर में था. लौटने पर देखा कि उसका पति नशे की हालत में था.
इसके बाद दोनों पति पत्नी के बीच कहासुनी हुई और वह रात में घर से निकाल कर चला गया. इसके बाद रविवार की सुबह तक घर नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन की गयी तो घर से कुछ दूरी पर पुआल के गांज के समीप उसका शव पाया गया. जिसकी पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी है. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. जिसके बाद पुलिस शव कब्जे में लेकर मामले की छांनबीन में जुट गयी. वहीं हत्या किसने और किस वजह से की है. फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो सका है.
