गुमला

Ghaghra : मंदिर में स्थापित मूर्तियों की तोड़फोड़ से आक्रोश

Ghaghra : घाघरा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर व भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग सहित कई मूर्तियों के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा किये गये तोड़फोड़ की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है. जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम करीब 6.30 बजे एक व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया और मूर्तियों को बाउंड्री के बाहर फेंक दिया. यह पूरी घटना ब्लॉक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है. घटना की जानकारी सोमवार की सुबह उस समय हुई. जब श्रद्धालू पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे. मंदिर की बदहाल स्थिति देखकर श्रद्धालुओं ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी. जिसके बाद खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गयी. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. यह जाम करीब छह घंटे तक रहा.

विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी

सड़क जाम के दौरान लोहरदगा–गुमला–नेतरहाट व रांची–छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित रहा. घटना से आक्रोशित व्यापारिक संघ ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखी. वहीं साप्ताहिक हाट भी पूरी तरह बंद रहा. जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, एसडीओ राजीव नीरज, बीडीओ दिनेश कुमार, सीओ खाखा सुशील कुमार, थानेदार पुनीत मिंज, बिशुनपुर थानेदार अर्जुन कुमार यादव सहित कई अधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता किया. मौके पर जामाकर्ताओं के द्वारा अधिकारियों को लिखित तौर पर मांग पत्र सौंपा गया. पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी पुटो रोड स्थित बजरंगबली मंदिर में प्रतिबंधित मांस फेंककर सौहाद्र बिगड़ा गया था.

अनिश्चितकालीन बंद व उग्र आंदोलन की चेतावनी

थाना प्रभारी के कार्यकाल में गो तस्करी, ब्राउन शुगर जैसे तमाम नशीली पदार्थ का बढ़ावा दिया जा रहा है. घाघरा थाना में माफिया का राज चलता है. पशु तस्करों का थाना में आना-जाना लगा रहता है. थाना को सूचना देने वाले अजय गुप्ता व निखिल गुप्ता पर झूठा केस किया गया है. जिसे वापस लिया जाये. पुलिस प्रशासन द्वारा निर्दोष को फंसाया जाता है. इसपर रोक लगायी जाये. ग्रामीणों ने पत्र में दो दिनों के अंदर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है. मांग पूरी नहीं होने पर घाघरा प्रखंड की जनता द्वारा अनिश्चितकालीन बंद व उग्र आंदोलन करने की भी बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *