Gumla : विद्यार्थी नशा, तेज बाइक राइडिंग व मोबाइल की बुरी लत से दूर रहे, बोले सुमित जेम्स बखला
Gumla : क्रिसमस पर्व को लेकर हॉली चाइल्ड बाल भारती स्कूल गुमला में शनिवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया. कार्यक्रम रंगारंग रहा. स्कूल के नर्सरी से वर्ग 10वीं तक के बच्चों ने क्रिसमस व डीजे गीतों पर डांस की प्रस्तुति दी. मनमोहक प्रस्तुति नर्सरी, एलकेजी व यूकेजी के बच्चों की रही. बच्चे-बच्चियां सांता क्लॉज व परियों के वेश में थे. इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की संरक्षिका ख्रीस्टीना बाखला, प्रधानाचार्य सुमित जेम्स बखला सहित स्कूल परिवार ने चरनी के समक्ष दीप जलाकर किया.
प्रधानाचार्य सुमित जेम्स बखला ने कहा कि क्रिसमस खुशियों का त्यौहार है. इस त्योहार में मसीही विश्वासी एकदूसरे से खुशियां बांटते हैं और हर्षोल्लास से त्योहार मनाते हैं. उन्होंने कहा कि परमेश्वर को मनुष्यों से प्रेम है. मनुष्य प्रेम के करण ही परमेश्वर ने अपने सबसे प्रिय पुत्र येसु ख्रीस्त को इस धरती पर मानव के रूप में भेजा. यह त्योहार हमें दया, सेवा व क्षमा करना सिखाता है. परिवार, गांव व समाज में सदभावना स्थापित करने के लिए हम सबों में दया, सेवा व क्षमा होनी चाहिये. उन्होंने कहा कि यही गुण आप सभी बच्चों के लिए जरूरी है. यदि आपमें ये गुण होंगे तो आप अपने जीवन में एक अच्छे मुकाम पर होंगे. श्री बखला ने विद्यार्थियों से कहा कि अभी के समय में देखा जा रहा है कि बच्चे बड़े होने के साथ ही गलत कामों में संलिप्त हो जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि नशापान, तेज बाइक राइडिंग व मोबाइल की बुरी लत से दूर रहे. मौके पर स्कूल की निदेशक नीतु बाखला, उप प्रधानाचार्य संदीपा तिर्की, शिक्षक अखिलेश यादव, प्रियांशी प्रियम, सुनीता प्रभा टोप्पो, योगिता टोप्पो, शाहिना परवीन, रश्मि कुमारी, शबनम निशा, लाडली तबस्सुम, कैटरीना टेट, देव कीर्ति व इग्नेशिया सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे.
