Gumla : अस्पताल में नौ माह की गर्भवती की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में आक्रोश
Gumla : गुमला सदर अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान नौ माह की गर्भवती महिला भिखनी कुमारी 20 वर्ष की मौत हो गयी. गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गयी. मृतका पालकोट थाना के बघिमा पहाड़टोली निवासी मेल्विन बरवा की पत्नी थी. मृतका की सास पैरो देवी ने बताया कि मेरी बहू का प्रसव पीड़ा सोमवार रात को हुई. जिसे हमलोगों ने स्वास्थ्य केंद्र पालकोट रात्रि के 9.00 बजे लेकर पहुंचे. रातभर पालकोट अस्पताल में रखने के बाद मंगलवार की अहले सुबह सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया. मंगलवार सुबह 108 एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल गुमला लाया गया. जहां भारती कर इलाज किया जा रहा था.
पैरो देवी का कहना है प्रसव पीड़ा अधिक होने के कारण हल्ला कर रही थी. जिस कारण से लेबर रूम की नर्स का रवैया अच्छा नहीं था.डॉक्टर भी देखने नहीं आये. जब प्रसव पीड़ा देख हमलोगों ने ऑपरेशन करने को कहा तो नर्सो ने बोला की नॉर्मल प्रसव होगा. घबराओ मत. तभी गर्भ में पल रहे बच्चे का हरकत बंद हो गया. उसके कुछ देर में भिखनी कुमारी भी शांत हो गयी. इसके बाद मंगलवार रात को ही नर्सों ने ही बताया कि तुम्हारी बेटी को ले जाओ वह मर गयी है. बुधवार सुबह 11 बजे शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया गया है. परिजनों ने कहा कि अगर भिखनी कुमारी का सही से इलाज होता तो जच्चा बच्चा की मौत नहीं होती. अस्पताल की लापरवाही से जान गयी है.
