गुमला

Gumla News : अज्ञात लोगों ने चरनी जलायी, मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया, विरोध में चार घंटे जाम रहा सड़क

Gumla News : जारी थाना क्षेत्र के भिखमपुर गांव में गत शुक्रवार शाम करीब आठ बजे ईसाई समुदाय द्वारा प्रभु यीशु के जन्म को लेकर बनायी गयी चरनी को अज्ञात लोगों ने आग लगाकर जला दिया. इसके साथ ही चरनी में रखी गयी मूर्तियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इस घटना से इसाई समुदाय में भारी आक्रोश है. चरनी को जलाने व मूर्तियों के क्षतिग्रस्त किये जाने के विरोध में इसाई समुदाय के लोगों ने भिखमपुर-गोविंदपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. यह जाम लगभग चार घंटे तक रहा. इसाई समुदाय के लोग सुबह छह बजे सड़क जाम किया, जो सुबह 10 बजे तक रहा. सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह से बंद रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गयी. राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

बाद में जाम की सूचना मिलने पर बीडीओ यादव बैठा व थाना प्रभारी शनि कुमार दल-बल के साथ जामस्थल पर पहुंचे. जहां अधिकारियों को जाम सड़क को खुलवाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. अधिकारियों ने जामकर्ताओं को जाम हटाने की बात कही. लेकिन जामकर्ता नहीं माने और सड़क पर ही जमे रहे. इसाई समुदाय के लोग चरनी को जलाने व मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे. अधिकारियों द्वारा काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों को आवेदन सौंपा. इसके बाद जाम हटाया गया. इसाई समुदाय के लोगों ने कहा कि यह घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास है, बल्कि क्षेत्र में अशांति फैलाने की साजिश भी है.

घटना के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. बीडीओ व थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. अधिकारियों ने लोगों से क्षेत्र में शांति बनाये रखने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *