Gumla : गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश गुमला में श्रद्धा, उल्लास और समरसता के साथ मनाया गया
Gumla : सिख पंथ के दशम गुरु साहिब ए कमाल श्री गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व गुमला मुख्यालय स्थित पालकोट रोड गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति, सेवा और भाईचारे की भावना से ओतप्रोत दिखायी दिया. प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रीगुरु ग्रंथ साहिब का विधिवत पाठ संपन्न हुआ. इसके पश्चात आयोजित विशेष दीवान में शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह के जीवन, त्याग, बलिदान और धर्मरक्षा के संदेशों का भावपूर्ण स्मरण किया गया. कीर्तन की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और गुरुद्वारा परिसर “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयघोष से गूंजायमान हो उठा. गुरु घर के भाई जरनैल सिंह ने शबद गायन कर संगत को निहाल किया. इस अवसर पर “सरबत के भले” की भावना के साथ सामूहिक अरदास की गयी. जिसमें समाज, राष्ट्र एवं विश्व में शांति, सद्भाव और न्याय की कामना की गयी. अरदास उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया. जहां सभी जाति, वर्ग और धर्म के श्रद्धालुओं ने एक पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. यह दृश्य गुरु गोविंद सिंह द्वारा प्रतिपादित समानता, भाईचारे और मानव गरिमा के संदेश को सजीव रूप में प्रस्तुत करता नजर आया.
दिलदार सिंह ने कहा है कि गुरु गोविंद सिंह का संपूर्ण जीवन मानवता के लिए प्रेरणास्रोत रहा है. उन्होंने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सत्य के लिए त्याग और धर्म की रक्षा का मार्ग प्रशस्त किया. खालसा पंथ की स्थापना कर उन्होंने समाज को साहस, अनुशासन, आत्म सम्मान और समानता का संदेश दिया. चार साहिबज़ादों का अद्वितीय बलिदान आज भी यह प्रेरणा देता है कि धर्म और न्याय की रक्षा के लिए दिया गया त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाता. वर्तमान सामाजिक परिदृश्य में गुरु गोविंद सिंह की शिक्षाएं और भी अधिक प्रासंगिक प्रतीत होती हैं, जो भयमुक्त होकर सत्य का साथ देने, भेदभाव व अन्याय का विरोध करने तथा सेवा, सद्भाव और भाईचारे को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा देती हैं. इस आयोजन का नेतृत्व पालकोट रोड गुरुद्वारा के प्रधान महेंद्र सिंह सचदेव, सेक्रेट्री रंजीत सिंह, गुरु गोविंद सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, सचिव गगनदीप सिंह, मुख्य संरक्षक दिलदार सिंह, गुरजीत सिंह, मनोहर सिंह, गुरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, राजू सिंह, कमलेश कौर, कमलजीत कौर, परमजीत कौर, हेमा कौर, शालू कौर, सन्टी, बंटी, हरप्रीत, पप्पू, छोटू सहित समाज के अनेक बच्चे महिलाएं और पुरुष समेत वरिष्ठजनों ने किया. कार्यक्रम के दौरान संगत ने गुरु गोविंद सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया.
