गुमला

Gumla Traffic Rule : बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों और मोडिफाइड साइलेंसर वाले बाइकर्स पर होगी कार्रवाई

Gumla Traffic Rule : गुमला जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों और उनमें बढ़ती मौतों को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है. भरनो में एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद उपविकास आयुक्त दिलमेश्वर महतो ने समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की. इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए.

डीडीसी ने बताया कि वर्ष 2024 में जिले में 235 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 221 लोगों की मौत हुई और 66 लोग घायल हुए थे. वहीं, वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़कर 268 हो गई, जिसमें 253 लोगों की जान चली गई और 99 लोग घायल हुए. इन आंकड़ों से साफ है कि सड़क हादसे तेजी से बढ़ रहे हैं. इसी को देखते हुए प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज करने और कड़ाई से वाहन जांच अभियान चलाने का फैसला लिया है. बैठक में सड़कों की खराब स्थिति और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी चर्चा की गई.

बैठक के मुख्य निर्णय और निर्देश

–ट्रकों में ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जायेगा.

–बिना नंबर प्लेट के चल रहे ट्रैक्टर और ट्रॉलियों का पंजीकरण कराना अनिवार्य है.

–पिकअप वैन और बड़ी वाहनों पर लगी अवैध एक्स्ट्रा लाइटों को हटाया जायेगा.

–दोपहिया वाहन और स्टंट पर नकेल कसा जायेगा. ट्रिपल राइडिंग पर चेकिंग होगी.

–अब बाइक पर पीछे बैठकर चलने वाले को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा.

–ध्वनि प्रदूषण मोडिफाइड साइलेंसर और स्टंट करने वाले बाइकर्स पर कार्रवाई होगी.

–व्यावसायिक वाहनों में स्पीड गवर्नर की जांच होगी. पकड़े जाने पर कार्रवाई तय.

–बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएमआरपी) वाले वाहनों पर रोक लगेगी.

–शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच होगी. कार्रवाई होगी.

–रॉंग साइड में ड्राइविंग और रात में वाहनों पर रिफ्लेक्टर न होने पर कार्रवाई होगी.

यहां से अतिक्रमण हटाने का आदेश

–कार्तिक उरांव महाविद्यालय गेट और गुमला उर्मी बाइपास चौक से अतिक्रमण हटाने के लिए अंचल अधिकारी को निर्देशित किया गया है. उर्मी बाइपास पर गोलंबर का निर्माण होगा.

–बसिया थाना के पास स्थित वन विभाग के बैरियर को शिफ्ट करने के लिए वन विभाग को पत्र लिखा गया है. वहीं, देवी गुड़ी चौक के तीखे मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के लिए 15 दिनों में प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

–नागफेनी पुल के पास रफ्तार नियंत्रण के उपाय किये गये हैं और नये रास्ते पर आवागमन शुरू हो गया है. टोल प्लाजा पर वाहनों में नि:शुल्क रेडियम स्टीकर लगाये जायेंगे.

–गुमला से चंदाली के बीच स्पीड ब्रेकरों पर जेबरा मार्किंग कर दी गयी है. ग्राम ज़ुरा और कुसुम्बाहा मोड़ पर पुराने कट बंद कर नये मीडियन कट बनाने का निर्देश दिया गया है.

अपूर्ण कार्य पर नाराजगी

भरनो पुराने थाना के पास सड़क मार्ग से मंदिर और विशाल वृक्ष हटाने का कार्य अब तक पूरा नहीं होने पर समिति ने रोष व्यक्त किया और इसे जल्द निष्पादित करने को कहा है. वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने बताया कि भरनो में हाल ही में हुई दुर्घटना की संयुक्त जांच कर ली गयी है और सुधार के निर्देश दिये गये हैं.

पांच पांच सुरक्षा मित्र का चयन होगा

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनवरी में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत प्रत्येक प्रखंड में 5-5 ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ का चयन किया जायेगा. जेएसएलपीएस, स्वास्थ्य सहिया और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से गांव-गांव में दैनिक जागरूकता गतिविधियां चलायी जायेगी. उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *