Gumla Accident : गुमला में तीन हादसों में तीन लोग की मौत
Gumla Accident : गुमला जिले में तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी. बसिया में बाइक सवार दीवार से टकरा गया. जिससे उसकी जान चली गयी. सिसई में अज्ञात गाड़ी ने वृद्ध को कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गयी. गुमला में मिर्गी बीमार से ग्रसित अधेड़ कुआं में गिरकर मर गया.
बसिया : बाइक दीवार से टकराने से युवक की मौत
बसिया थाना क्षेत्र के ममरला में गुरुवार की रात सड़क हादसे में टेंगरा गांव निवासी संजय बाड़ा (20) की मौत हो गयी. संजय अपने घर से मेला देखने के लिए अपनी पल्सर बाइक से बक्सपुर गांव गया हुआ था. बक्सपुर में मेला देखने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान ममरला पंचायत भवन के समीप सड़क पर जानवर आने के कारण उसका बाइक अनियंत्रित हो गया और बाउंड्री से टकरा गया. जिससे संजय के सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची बसिया पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
सिसई : सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
सिसई थाना क्षेत्र के पंडरिया के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ललुवा पहानटोली निवासी भदरा खड़िया की मौत हो गयी. बताया तजा रहा है कि अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया था. जिसे बाद पुलिस ने अज्ञात शव मानते हुए शव को गुमला सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेजा था. शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया था. शुक्रवार की सुबह को प्रदीप खड़िया अस्पताल आया और अपने पिता के शव की पहचान की शव को गांव ले गया.
गुमला : कुआं में डूब कर अधेड़ की मौत
गुमला प्रखंड के दाऊद नगर निवासी 45 वर्षीय रोशन बड़ा की कुएं में डूबकर शुक्रवार को मौत हो गयी. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला भेजा और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया. मृतक के परिजनों ने बताया कि रोशन शुक्रवार की सुबह घर से निकला था और लगभग एक किलोमीटर दूरी पर नवाटोली के खेत में उसका शव मिला. उसको मिर्गी की बीमारी थी. आशंका जतायी जा रही है कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ होगा. इस दौरान कुएं में गिरने से मौत हो गयी.
