गुमला

Gumla : अमलिया जंगल में घुसा 16 हाथियों का झुंड, क्षेत्र में भय

Gumla : भरनो प्रखंड के अमलिया जंगल में 16 जंगली हाथियों का झुंड घुसा है. गत बुधवार की रात में हाथियों का झुंड लोहरदगा जिला के सीमावर्ती क्षेत्र से होते हुए भरनो प्रखंड के अमिलया छापरटोली गांव के समीप पहुंचने के बाद अमलिया जंगल में घुस गया. हाथियों का झुंड घुसने से अमलिया व आसपास के गांव के लोगों में भय का माहौल है. हाथियों द्वारा छापरटोली के कृष्ण मुरारी सिंह के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया है. साथ ही गांव के किसान बलदेव महतो के खेतों में लगे आलू, सरसो व मटर के फसल को नुकसान पहुंचाया है. अन्य कई किसानों के फसलों को भी हाथियों द्वारा बरबाद किये जाने की सूचना है. ग्रामीणों द्वारा गांव के जंगल में हाथियों का झुंड घुसने की सूचना वन विभाग को दी. जिसके बाद प्रभारी वनपाल राकेश मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम अमलिया पहुंची है.

वन विभाग की ओर से मौजूद लोगो को हाथियों के नजदीक नहीं जाने एवं उसके साथ छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की जा रही है. प्रभारी वनपाल राकेश मिश्रा ने बताया कि वन विभाग के टीम के साथ साथ विशेष रूप से क्यूआरटी टीम भी पहुंची हुई है. टीम द्वारा मशाल जलाकर हाथियों को क्षेत्र से बाहर निकलने का प्रयास किया जायेगा. मौके पर वनरक्षी प्रवीण तिर्की, रजत किरण डुंगडुंग, योगिता कुमारी, वन समिति के अध्यक्ष उदय सिंह, बंधनू उरांव, जगजीवन सिंह सहित क्यूआरटी टीम मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *