Gumla : कार पर हमला, चालक ने भागकर बचायी जान, एक हमलावर गिरफ्तार
Gumla : गुमला प्रखंड के मुरकुंडा गांव के समीप एक कार पर ग्रामीण युवकों ने हमला कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कार चालक किसी प्रकार कार से निकलकर भागा और अपनी जान बचायी. युवकों के हमले में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. युवकों ने कार को ईट व पत्थर से उस समय तक मारते रहे. जबतक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त नहीं हो गया. कार के गेट को तोड़ दिया. दरअसल यह घटना 27 जनवरी की है. लेकिन इस घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया में वायरल हुआ. जिसके बाद गुमला पुलिस हरकत में आयी और एक युवक को गिरफ्तार किया. उक्त युवक पुरनाटोली गांव का बताया जा रहा है.
हालांकि, गुमला पुलिस अभी युवक को थाने में रखकर पूछताछ कर रही है. साथ ही कार पर हमला करने वाले अन्य युवकों की तलाश भी पुलिस कर रही है. यहां बता दें कि कार चालक रास्ते से पार हो रहा था. तभी एक बाइक में सवार तीन युवक तीन रफ्तार से रॉन्ग साइड से सामने से आकर कार को ठोक दिया. इसके बाद बाइक सवार तीनों युवकों ने कार चालक की गलती बताते हुए हमला कर दिया. यह देख गांव के अन्य युवक व राहगीर भी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी. युवकों के देखा देखी कम उम्र के बच्चे भी कार को ईट पत्थर से मारकर तोड़ने लगे. घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार पर हमला के बाद चालक किसी प्रकार कार से निकलकर भागा और अपनी जान बचायी. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने बताया कि कार पर हमला व तोड़फोड़ का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, गुरुवार की शाम छह बजे तक कार चालक थाना पहुंचकर मामला दर्ज नहीं कराया है. थानेदार ने कहा कि कार चालक से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
