गुमला

Gumla : गुमला में बोलेरो की टक्कर से बेंगलुरु के सिक्योरिटी गार्ड की मौत

Gumla : गुमला के पालकोट रोड स्थित एफसीआइ गोदाम के समीप बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार पंडरिया निवासी 21 वर्षीय चंद्रेश साहू पिता मोतीलाल साहू की मौत हो गयी. घटना शनिवार की देर शाम 7:00 बजे की है. जानकारी के मुताबिक मृतक अपने एक रिश्तेदार के अंतिम क्रियाक्रम में सरजूटोली गांव गया था. जहां से अपनी मौसी को लेकर बघिमा पाहनटोली छोड़ने गया.

वह मौसी को छोड़कर वापस अपने फुआ के घर केसीपारा जा रहा था. तभी एफसीआइ गोदाम के समीप पीछे से एक बोलेरो जोरदार टक्कर मारते हुए घटनास्थल से फरार हो गया. घटना में बोलेरो का अगला चक्का ब्लास्ट कर गया. लेकिन वह किसी तरह भागने में सफल रहा.

पुलिस बोलेरो की तलाश में जुट गयी है. बताया जाता है कि मृतक स्कूटी से आगे चल रहा था और उसके परिवार के लोग बाइक से पीछे से जा रहे थे. चंद्रेश बेंगलुरु में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. बीते 10 जनवरी को वह छुट्टी लेकर घर आया था. घटना की जानकारी पर पुलिस घटना स्थल पहुंची. शव को सदर अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टर ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया. फिलहाल शव को शवगृह में रखा गया है. रविवार को पोस्टमार्टम किया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *