Gumla : घर में लगी आग, लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट
Gumla : गुमला सदर प्रखंड अंतर्गत फसिया पंचायत के लक्ष्मण नगर निवासी रंधीर ठाकुर ने सदर थाना में आवेदन देकर घर में आगजनी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विद्युत विभाग की भूमिका की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने व मुआवजा दिलाने की गुहार लगायी है. रंधीर ने बताया कि विगत सात फरवरी 2026 की रात लगभग नौ बजे अचानक से उसके घर में आग लग गयी थी. उस समय वह अपने छोटे बेट के साथ दूसरे कमरे में सोया हुआ था और उसकी पत्नी व बड़ा बेटा अस्पताल में थे.
अचानक आग लगने अफरा-तफरी का माहौल रहा. उन्होंने अपने छोटे बेटे के साथ घर से बाहर निकलकर जान बचायी. इस आगजनी की घटना में घर में रखा लगभग 30 हजार रुपए नगद, सोना-चांदी के आभूषण, पकड़ा, बिस्तर, बर्तन, बक्शा, टीवी, पंखा सहित कई घरेलु सामान जल गया. उन्होंने बताया कि आग बुझने के बाद जब उन्होंने जांच किया तो पाया कि बिजली मीटर में लाईट आ रही थी, जबकि गत 19 जनवरी 2026 को ही बकाया राशि नहीं देने के कारण उसके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था. इसके बावजूद मीटर में पुन: बिजली आना अत्यंत संदिग्ध है. उन्होंने कहा कि उनके घर में आग लगने की घटना बिजली संबंधी लापरवाही के कारण हुई है.
