गुमला

Human Trafficking : मानव तस्करों की जाल से मुक्त हुईं गुमला की दो बेटियां

Human Trafficking : गुमला जिला की चैनपुर पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को सकुशल बरामद किया है. पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवती को राजस्थान व दूसरी किशोरी को दिल्ली से रेस्क्यू किया है. जानकारी के अनुसार बरामद युवतियों को काम दिलाने व शहर घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले जाया गया था और बाद में मानव तस्करों के हाथों बेच दिया गया था. लंबे समय बाद अपनी बच्चियों को सही-सलामत देखकर माता-पिता भावुक हो गये.

परिजनों में खुशी है. परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की मेहनत से ही आज उनकी बेटियां सुरक्षित वापस लौट पायी हैं. बतातें चले कि पुलिस अधीक्षक गुमला के निर्देशानुसार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में इस कार्रवाई के लिए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. जब सुराग मिलना मुश्किल हुआ तो पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान व मोबाइल लोकेशन का सहारा लिया. जिसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर एक पीड़िता को बरामद किया, जबकि दूसरी पीड़िता को दिल्ली से रेस्क्यू किया. चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पीड़िताओं को सुरक्षित गुमला लाया गया है.

नियमानुसार गुमला न्यायालय में उनका बयान दर्ज कराया जायेगा. इसके साथ ही सीडब्ल्यूसी के समक्ष बयान और महिला थाना में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया जायेगा. सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद युवतियों को उनके परिजनों को सौंप दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *