Vehicle Checking : गुमला में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3.22 लाख का जुर्माना वसूला
Vehicle Checking : गुमला जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कदम उठाये हैं. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशों के आलोक में शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में गुमला बाइपास मुख्य मार्ग और उर्मी बाइपास चौक पर एक व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस सघन कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में हड़कंप मच गया. चलाये गये इस विशेष अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 3,22,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया. परिवहन विभाग की टीम रात को भी सक्रिय थी. देर रात की गयी जांच में 51,000 रुपये का चालान काटा गया. पिछले 24 घंटों के भीतर की गयी इस त्वरित कार्रवाई ने जिले के लापरवाह चालकों को एक कड़ा संदेश दिया है.
‘कानफोड़ू’ साइलेंसरों और मोडिफाइड लाइट पर ऑन-स्पॉट एक्शन
अभियान के दौरान उन दोपहिया चालकों पर विशेष रूप से गाज गिरी. जिन्होंने अपनी मोटरसाइकिलों में कंपनी फिटेड साइलेंसर को हटाकर तेज आवाज (ब्लास्ट साउंड) वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रखे थे. डीटीओ ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले ऐसे वाहनों पर न केवल भारी जुर्माना लगाया. बल्कि मौके पर ही मैकेनिक को बुलाकर अवैध साइलेंसरों को उतरवा दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों पर प्रहार
जांच के दायरे में भारी मालवाहक वाहन भी शामिल रहे. क्षमता से अधिक माल (ओवरलोडिंग) ढोने वाले ट्रकों और हाइवा पर नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाया गया. इसके अतिरिक्त, दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट और चार पहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट के यात्रा करने वालों के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की गयी. विभाग द्वारा वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों—जैसे बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस—की भी गहन जांच की गयी. अवैध रूप से एक्स्ट्रा एलइडी लाइट लगाने और नंबर प्लेट छिपाने वाले वाहन भी रडार पर रहे.
उर्मी बाइपास चौक पर ‘पब्लिक एड्रेस सिस्टम’ का शुभारंभ
गुमला. सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनमानस को निरंतर जागरूक करने के उद्देश्य से उर्मी बाइपास चौक पर एक ‘पब्लिक एड्रेस सिस्टम’ का विधिवत अनावरण डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल द्वारा किया गया. इस प्रणाली के माध्यम से चौक से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति ऑडियो संदेशों के जरिए जागरूक किया जायेगा. इस सघन अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि बहुमूल्य मानवीय जिंदगियों को बचाना है. हेलमेट और सीट बेल्ट जहां दुर्घटना की स्थिति में आपकी जान बचाते हैं. वहीं वाहन के वैध दस्तावेज (बीमा, परमिट आदि) दुर्घटना के पश्चात आपके परिवार को कानूनी और आर्थिक संकटों से सुरक्षित रखते हैं. जांच के दौरान मोटर यान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह एवं परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे.
