गुमला

Gumla : बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, एक्शन में पुलिस

Gumla : गुमला शहर में सोमवार की शाम बच्चा चोरी की अफवाह फैलने से लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. अचानक फैली इस सूचना के बाद लोग बिना किसी पुष्टि के ही बच्चों की तलाश में इधर-उधर दौड़ने लगे और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि बाद में जांच-पड़ताल में यह बात सामने आयी कि शहर में कहीं भी बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई थी और मामला महज अफवाह निकला.

जानकारी के अनुसार शाम के समय अचानक यह खबर फैल गयी कि गुमला शहर के मेन रोड इलाके से दो बच्चों को कुछ लोग उठाकर भाग रहे हैं. यह बात तेजी से लोगों के बीच फैल गयी. जिसके बाद आसपास के लोग सतर्क हो गये. कई लोग अपने-अपने घरों से निकलकर बच्चों की खोजबीन में जुट गये और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने लगे. करीब एक घंटे तक शहर के कुछ हिस्सों में अफरा तफरी जैसी स्थिति बनी रही. बाद में जब स्थानीय लोगों ने आपस में जानकारी जुटाई और मामले की जांच की. तब स्पष्ट हुआ कि शहर में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. इसके बाद माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो गया. इधर गुमला पुलिस ने भी इस तरह की अफवाहों को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

गुमला एसपी ने कहा

गुमला एसपी हरीश बिन का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर बच्चों की गुमशुदगी, चोरी या अपहरण से जुड़ी कई भ्रामक सूचनाएं तेजी से प्रसारित हो रही हैं. जिससे लोगों के बीच डर और भ्रम की स्थिति बन रही है. जांच के दौरान अधिकांश मामले अफवाह ही साबित हुए हैं. पुलिस ने आम लोगों से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर बिना सत्यता की जांच किये विश्वास न करें. साथ ही किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है.

पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या प्रताड़ना करना भी कानूनन अपराध है. यदि इस तरह की कोई संदिग्ध सूचना मिलती है तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें या आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *