गुमला

आठ हजार रुपये रिश्वत लेते महिला पंचायत सचिव गिरफ्तार

गुमला में एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुहिम जारी है. इसी मुहिम के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची ने गुरुवार को गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड में बड़ी कार्रवाई की है. बिशुनपुर प्रखंड स्थित सेरका पंचायत की महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को एसीबी ने घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है. एसीबी के अनुसार आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पंचायत सचिव को पकड़ा गया है. जानकारी के अनुसार यह मामला बिशुनपुर प्रखंड के चट्टी सेरका पंचायत की है.

गांव के 52 वर्षीय परमेश्वर सिंह को ग्राम सभा द्वारा कुआं मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी दी गयी थी. कार्य पूरा होने के बाद बकाया राशि के भुगतान और फाइनल बिल पास करने के एवज में पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो द्वारा आठ हजार रुपये की मांग की जा रही थी. भ्रष्टाचार के आगे झुकने के बजाये परमेश्वर सिंह ने एसीबी की शरण ली. लिखित शिकायत दर्ज करायी.

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गुप्त तरीके से मामले का सत्यापन कराया. आरोप सही पाये जाने पर गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. गुरुवार को एसीबी की एक विशेष टीम ने बिशुनपुर ब्लॉक में घूसखोर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. जैसे ही पंचायत सचिव ने परमेश्वर सिंह से रिश्वत की राशि स्वीकार की. पहले से मुस्तैद टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर रांची ले जाने की प्रक्रिया चल रही है. इस गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गुमला जिले के प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है. अभी आरोपी महिला पंचायत सचिव से पूछताछ की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *