झॉलीवुड

Jhollywood : 21 साल बाद फिर वापसी कर रहे विजय प्रकाश, ‘बीर’ बनकर मिटाएंगे भ्रष्टाचार

Jhollywood :  झारखंड का सिनेमा (झॉलीवुड) के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है. इस साल की सबसे चर्चित नागपुरी फिल्म ‘बीर, आइज कर बिरसा’ आगामी 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. खास बात यह है कि झारखंड के पहले डिजिटल फिल्ममेकर डॉ. विजय प्रकाश लगभग दो दशक (21 साल) बाद निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं. यह फिल्म न केवल एक एक्शन ड्रामा है, बल्कि आज के युवाओं और बिरसा मुंडा के आदर्शों के बीच के सेतु के रूप में देखी जा रही है. विजय प्रकाश ने बताया कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का जरिया है. फिल्म की भाषा और परिवेश पूरी तरह से झारखंडी मिट्टी की महक समेटे हुए है. इसकी शूटिंग रांची के धुर्वा डैम, जगन्नाथपुर मंदिर, आईआईएम कैंपस, विधानसभा, स्मार्ट सिटी, न्यूक्लियस मॉल, मेन रोड, दलादली  व गुमला के टैंसेरा व खुखरागढ़ में हुई है.

फ्लैशबैक: 2004-05 का वो दौर और अब की वापसी

विजय प्रकाश वही निर्देशक हैं जिन्होंने 2004 में ‘हामर झारखंड’ और 2005 में ‘संगिया’ जैसी सुपरहिट फिल्में देकर नागपुरी सिनेमा को नई पहचान दी थी. अब 21 साल लंबे इंतजार के बाद वे अपनी तीसरी फिल्म के साथ लौट रहे हैं. फिल्म जगत में चर्चा है कि यह फिल्म तकनीक और कहानी के मामले में क्षेत्रीय सिनेमा के पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी.

झॉलीवुड की ‘एवेंजर्स’ अब तक की सबसे बड़ी स्टारकास्ट

फिल्म के जानकारों का कहना है कि ‘बीर, आइज कर बिरसा’ में झारखंडी कला जगत के दिग्गजों का ‘जमावड़ा’ है. इसे झॉलीवुड की अब तक की सबसे भव्य स्टारकास्ट वाली फिल्म बताया जा रहा है.

पद्मश्री की जुगलबंदी: पद्मश्री मुकुंद नायक और पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख न केवल अभिनय कर रहे हैं, बल्कि अपनी आवाज से जादुई संगीत भी पैदा कर रहे हैं.

प्रमुख चेहरे: चांदनी बड़ाईक, मजबूल खान, अनिल सिकदार, मनीष बरवार और दीपक चौधरी जैसे मंझे हुए कलाकार अहम रोल में दिखेंगे.

रंगमंच का तड़का: राजीव सिन्हा, नदीम जावेद, शशिकला पुराणिक व रितेश जैसे थिएटर और टीवी के बड़े नामों को एक साथ स्क्रीन पर देखना दर्शकों के लिए ट्रीट होगा.

म्यूजिक जो थिरकने पर मजबूर कर दे : झारखंडी फिल्म हो व मांदर की थाप न हो, ऐसा हो नहीं सकता. संगीतकार श्रीकांत इंदवार हैं. गीत मनीष बरवार ने लिखे हैं. प्लेबैक सिंगर्स में पवन राय, मोनिका मुंडू, मनोज सहरी व ज्योति साहू जैसे सुपरहिट गायकों ने फिल्म के गाने गाए है.

कहानी: पुलिस ऑफिसर ‘बीर’ और भगवान बिरसा की सोच

फिल्म की कहानी एक जांबाज पुलिस अधिकारी ‘बीर’ के इर्द-गिर्द बुनी गई है. बीर कोई साधारण पुलिसवाला नहीं है. वह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के विचारों से प्रेरित है. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आज के दौर का एक युवा अधिकारी भ्रष्टाचार और सिस्टम की खामियों के खिलाफ बिरसा मुंडा के संघर्ष की तर्ज पर ‘उलगुलान’ (क्रांति) छेड़ता है. यह फिल्म आज के झारखंडी युवाओं की अस्मिता और उनके संघर्षों का आईना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *