Gumla : गुमला में गायब छात्र का शव कुएं से बरामद, एक घंटे एनएच जाम
Gumla : गुमला थाना के केसीपारा निवासी बासु गोप के सात वर्षीय पुत्र प्रीतम गोप का शव शुक्रवार को गांव के ही कुएं से पुलिस ने बरामद किया. प्रीतम चार दिनों से लापता था. वह इंग्लिश मीडियम स्कूल का छात्र था. शव मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. ग्रामीणों ने शव के साथ गुमला व ओड़िशा मार्ग को टैसेरा के समीप जाम कर दिया. एक घंटे तक नेशनल हाइवे सड़क जाम रही. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के समझाने के बाद दिन के 11 बजे जाम हटाया गया. जानकारी के अनुसार प्रीतम अपनी मां सावित्री देवी के साथ केसीपारा गांव में एक चुमावन कार्यक्रम में गया था. घर के अंदर चुमावन हो रहा था. जबकि प्रीतम अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था.
इसके बाद प्रीतम रहस्यमय ढंग से गायब हो गया. थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. परिजन, ग्रामीण व पुलिस तीन दिनों से शव खोज रही थी. जिस कुएं से शव मिली है. उस कुएं में दो दिन पहले ही तलाशी ली गयी थी. लेकिन प्रीतम नहीं मिला. शुक्रवार को पुन: कुएं में तलाशी ली गयी तो शव मिला.
मेरे बेटे की हत्या हुई है
पिता बासु गोप ने कहा है कि मेरे बेटे की हत्या हुई है. हत्यारों द्वारा शव को पहले दफनाया गया था. इसके बाद पुन: शव को कब्र से निकालकर कुएं में फेंक दिया गया. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. बच्चे की मौत के मामले में जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है.
बीच रास्ते में शव को रोका, सड़क जाम की
कुएं से शव निकालने के बाद पुलिस शव को टेंपो में लादकर गुमला ला रही थी. लेकिन टैसेरा के समीप नेशनल हाइवे सड़क पर ग्रामीणों ने टेंपो को रोक लिया. इसके बाद शव के साथ मुख्य सड़क को जाम कर दी. इस दौरान सैँकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गयी. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली लोगों को समझाते रहे. परंतु, लोग प्रीतम की मौत के मामले में जांच करने की मांग पर अड़ गये. इसपर थानेदार ने कहा कि फॉरेंसिक टीम व खोजी कुत्ता के माध्यम से मामले की जांच करायी जायेगी. इसके बाद ग्रामीण माने और शव को ले जाने दिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. साथ ही जिस कुएं से शव मिला है. पुन: पुलिस उस कुएं के पास गयी और जांच शुरू की है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रीतम की मौत के कारणों का पता नहीं चला है.
इस प्रकार गायब हुआ था प्रीतम
बच्चे की मां सावित्री देवी के अनुसार 10 मार्च को गांव के एक घर में चुमावन का रस्म था. उसमें भाग लेने गये हुए थे. इस बीच पुत्र प्रीतम गोप उम्र सात वर्ष बाहर में खेल रहा था. लगभग साढ़े आठ बजे रात तक वह गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. लगभग 9:00 बजे अपने घर जाने के लिए जब बाहर अपने पुत्र को देखने निकाली तो वह वहां नहीं था. अपने स्तर पर उसे ढूंढने का प्रयास किया. पर नहीं मिला. अपने सभी रिश्तेदार से संपर्क किया. पर किसी को पता नहीं चला.
प्रीतम गोप की मौत के मामले में पुलिस उच्च स्तरीय जांच टीम बनाये. ताकि प्रीतम की मौत के सही कारणों का पता चल सके. प्रीतम की मौत से पूर्वी क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं. आक्रोश भी है. यह घटना निंदनीय है. प्रशासन को इस मामले में कड़ाई से कदम उठानी चाहिए.
संयुक्ता देवी, उपाध्यक्ष, जिला परिषद
