Gumla : यज्ञ से लौट रही सहिया की सड़क हादसे में मौत
Gumla : गुमला सदर थाना के मुरकुंडा घुंटीटोली के पास सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गयी. अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुई महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान मुरकुंडा निवासी 54 वर्षीय रेखा देवी पति रामजनक साहू के रूप में की गयी है. वह गांव में सहिया के रूप में कार्यरत थीं और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती थीं.
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह वह पास के गिंडरा गांव में आयोजित एक धार्मिक यज्ञ कार्यक्रम में शामिल होने गयी थी. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रेखा देवी टेंपो से अपने गांव मुरकुंडा लौट रही थीं. जब टेंपो घुंटीटोली के समीप पहुंचा. तब वह वहां उतर गईयी और सड़क पार करने लगीं. इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ीं. हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गये. जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों के अनुसार रेखा देवी काफी मिलनसार स्वभाव की महिला थीं और गांव में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाती थीं.
सहिया के रूप में वह ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने और जरूरतमंदों की मदद करने में हमेशा आगे रहती थीं. उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक और मायूसी का माहौल है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गयी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की संभावना जतायी जा रही है. ताकि वाहन की पहचान हो सके.
