गुमला

Gumla : ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ युवक, तीन लाख से अधिक की रकम गंवायी

Gumla : गुमला जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है. जहां एक युवक को पैसे दोगुना करने का लालच देकर ठगों ने उससे 3,33,398 रुपये की ठगी कर ली. पीड़ित रंजीत कुमार यादव ने इस संबंध में गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार, रंजीत कुमार यादव मूल रूप से बोकारो जिला के गोमिया थाना क्षेत्र का निवासी है. लेकिन वर्तमान में गुमला के पालकोट रोड स्थित यामाहा शोरूम के सामने रहकर कार्य करता है. उसने बताया कि उसका बैंक खाता बैंक ऑफ इंडिया में है. जिससे ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से पूरी राशि निकाल ली.

पीड़ित के अनुसार, पांच जनवरी 2026 को उसके मोबाइल के टेलीग्राम ऐप पर एक लिंक प्राप्त हुआ. इस लिंक के जरिए उसे पैसे दोगुना करने का झांसा दिया गया. शुरुआत में उसने संदेह जताया. लेकिन ठगों ने भरोसा दिलाया कि उसके साथ कोई धोखाधड़ी नहीं होगी. इसके बाद रंजीत ने उनके बताये अनुसार अलग-अलग बार कोड और खातों में किस्तों में पैसे ट्रांसफर करने शुरू कर दिये. पहले चरण में उसने कुल 1,28,500 रुपये भेजे. इसके बाद ठगों ने उससे कहा कि यदि वह अपनी राशि वापस पाना चाहता है तो उसे 2,06,000 रुपये और जमा करने होंगे. अपनी रकम वापस पाने की उम्मीद में रंजीत ने खुद और अपने रिश्तेदारों से पैसे जुटाकर कुल 3,33,398 रुपये विभिन्न बैंक खातों में 13 बार में ट्रांसफर कर दिये.

रंजीत ने बताया कि उसने इंडियन बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, जियो पेमेंट बैंक, आंध्र प्रदेश ग्रामीण बैंक समेत कई खातों में पैसे भेजे. जैसे ही पूरी राशि भेजी गयी. आरोपी ने उसे टेलीग्राम पर ब्लॉक कर दिया और संपर्क समाप्त कर लिया. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसे तीन अलग-अलग एक्नॉलेजमेंट नंबर भी प्राप्त हुए. वहीं, गुमला थाना में भी मामला दर्ज कराया गया है. पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगायी है कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उसके पैसे वापस दिलाये जाएं. उसने बताया कि वह एक साधारण परिवार से आता है और इतनी बड़ी राशि उसके लिए जीवन भर की कमाई के बराबर है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *