Gumla : ईद खुशियों और प्यार का त्योहार
Gumla : गुमला शहर के पालकोट रोड स्थित रौनियार भवन में सर्वधर्म सद्भावना मंच की ओर से ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोग एकजुट हुए. मुख्य अतिथि नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी उपस्थित थे. वहीं विशिष्ट अतिथि अंजुमन इस्लामिया के सदर मोसाहिद हाजमी और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष कलीम अख्तर ने शिरकत की. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और आपसी शुभकामनाओं के साथ हुई. रमेश चीनी ने कहा कि ईद खुशियों और त्याग का त्योहार है. इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम और विश्वास की नींव को मजबूत करता है. उन्होंने कहा कि गुमला हमेशा से आपसी सद्भाव का केंद्र रहा है और सर्वधर्म सद्भावना मंच का यह प्रयास सराहनीय है.
सदर मोसाहिद ने कहा कि त्योहारों का असली मकसद मानवता की सेवा और प्रेम बांटना है. कलीम अख्तर ने जोर देते हुए कहा कि मजहब कोई भी हो. वह हमेशा शांति और एकता का मार्ग दिखाता है. समाज के सभी वर्गों को मिलकर विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज में फैल रही दूरियों को मिटाने और एकजुट होकर रहने का संकल्प लिया. आयोजन में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी और मिठास के साथ खुशियां साझा कीं.
मंच के सदस्यों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे. ताकि गुमला की एकता अक्षुण्ण बनी रहे. मौके पर फादर ख्रीस्टोफर लकड़ा, फादर जेफ्रानियुस तिर्की, गुरुद्वारा के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, रंजीत सिंह सरदार, पप्पू श्रीवास्तव, फ्लोरा मिंज, सेत कुमार एक्का, अमर प्रदीप कुजूर, बैजनाथ उरांव, हेमावती लकड़ा सहित अन्य लोग थे.
