Gumla : सदर अस्पताल गुमला में कैंसर मरीजों के लिए बढ़ी सुविधाएं
Gumla : सदर अस्पताल गुमला में कैंसर मरीजों के इलाज को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रहा है. मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए अब न केवल विशेषज्ञ चिकित्सक की नियमित ओपीडी सेवा उपलब्ध करायी जा रही है. बल्कि कीमोथेरेपी की दवाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था कर दी गयी है. इससे मरीजों को बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार संभव हो सकेगा. स्वास्थ्य विभाग की पहल पर सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ प्रवीर सिंह मुंडा प्रत्येक सोमवार को रांची से गुमला पहुंचकर मरीजों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अस्पताल में आयोजित ओपीडी में कैंसर मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही है.
इसके साथ ही अब अस्पताल में कीमोथेरेपी से संबंधित दवाएं भी उपलब्ध करा दी गयी है. जिससे मरीजों को इधर-उधर भटकने की समस्या से राहत मिली है. अस्पताल के उपाधीक्षक (डीएस) अनुपम किशोर ने बताया कि हाल के दिनों में कैंसर उपचार से संबंधित दवाओं की खरीदारी की गयी है और फिलहाल अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि मरीजों को हर संभव सुविधा यहीं पर मिले, ताकि उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से राहत मिल सके.
वहीं डॉ प्रवीर सिंह मुंडा ने कैंसर के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि कैंसर का समय पर पता लगना बेहद जरूरी है. शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर इसका इलाज काफी हद तक संभव और प्रभावी हो जाता है. उन्होंने लोगों से अपील किया है कि शरीर में किसी भी असामान्य बदलाव जैसे लंबे समय तक खांसी, वजन का अचानक कम होना, गांठ बनना या लगातार थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत जांच कराएं. उन्होंने यह भी कहा कि तंबाकू और धूम्रपान कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक हैं. इसलिए इनसे दूर रहना जरूरी है. स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित जांच से कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. सदर अस्पताल गुमला में बढ़ती सुविधाओं से जिले के मरीजों में उम्मीद जगी है और अब उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
