गुमला

Gumla : नदी ने छीनी घर की मुस्कान, 14 साल के युवक की नदी में डूबने से मौत

Gumla : गुमला के असनी पंचायत के नदीटोली गांव में सोमवार की दोपहर एक ऐसी घटना घटी. जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. महज 14 साल का खपई उरांव अब इस दुनिया में नहीं रहा. उसकी मौत नदी में डूबने से हो गयी. लेकिन इस हादसे ने सिर्फ एक बच्चे की जान नहीं ली. इसने एक परिवार की हंसी, उम्मीद और सहारा सब कुछ छीन लिया. खपई, पिता सोमा उरांव का बेटा है. चार भाई-बहनों में बीच का था. घर की हालत साधारण थी. लेकिन खपई का दिल बहुत बड़ा था. पढ़ाई उसने चौथी कक्षा तक ही की. उसके बाद परिवार की जिम्मेदारियों को समझते हुए वह माता-पिता का हाथ बंटाने लगा. गांव वाले बताते हैं कि खपई बेहद शांत और सरल स्वभाव का था. हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाला.

परिजनों के अनुसार, खपई को मिर्गी की बीमारी थी. इसके बावजूद वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने जाया करता था. सोमवार को भी वह घर से निकला. जब काफी देर तक खपई घर नहीं लौटा तो मां की बेचैनी बढ़ने लगी. परिवार के लोग उसे खोजने निकल पड़े. खपई पानी में डूबा हुआ मिला. गांव के लोगों की मदद से उसे तुरंत बाहर निकाला गया और ऑटो के जरिए सदर अस्पताल ले जाया गया. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर असीम मिंज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *