Gumla: वधू पक्ष ने रिश्ता तोड़ा, सदमे में दूल्हे ने की आत्महत्या
गुमला जिलांतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आयी है. यहां एक घर में जहां शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं. वहां अब मातम पसरा हुआ है. वधू पक्ष द्वारा अचानक से शादी से इनकार करने के बाद सदमे में 22 वर्षीय युवक सुरेंद्र बैठा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतक के पिता राजेंद्र बैठा ने बताया कि सुरेंद्र का विवाह आगामी 20 अप्रैल को सिमडेगा निवासी कैलाश रजक की पुत्री से तय हुआ था. छेका (सगाई) की रस्म पूरी हो चुकी थी और घर में प्रीतिभोज की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी.. रिश्तेदारों के बीच शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे. युवक और युवती के बीच फोन पर बातचीत भी शुरू हो गयी थी.
दोनों परिवार इस नये रिश्ते को लेकर काफी उत्साहित थे. सब कुछ ठीक चल रहा था कि अचानक वधु पक्ष की ओर से शादी नहीं करने की बात सामने आयी. इस फैसले ने सुरेंद्र को अंदर से झकझोर कर रख दिया. वह पिछले कुछ दिनों से काफी गुमसुम और उदास रहने लगा था. बुधवार तड़के सुबह करीब तीन जब सब सो रहे थे. तब सुरेंद्र ने घर के समीप ही एक करंज के पेड़ में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. परिजनों ने सुरेंद्र को फांसी में लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना चैनपुर पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है.
