गुमला

Gumla : सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्री की मौत, पत्नी और एक बेटी गंभीर

Gumla : पालकोट थाना क्षेत्र के खोडेगेरा ग्राम निवासी 30 वर्षीय कुलदीप गोप और उसकी तीन वर्षीय बेटी अंशिका कुमारी की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी जितनी कुमारी (24) और छह वर्षीय पुत्री मोनिका कुमारी गंभीर रूप से घायल है. घटना गत बुधवार रात करीब 7:30 बजे की है. कुलदीप अपनी मोटरसाईकिल पर परिवार के साथ अपने ससुराल सिसई के जिंदा चट्टीटोली जा रहे थे. इसी दौरान नागफेनी नदी के समीप रांची की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया और इलाज के दौरान छोटी बेटी अंशिका ने भी दम तोड़ दिया. घायलों का उपचार सदर अस्पताल में जारी है. मृतक के ससुर करमदयाल गोप ने बताया कि कुलदीप पिछले तीन साल से गोवा में मिस्त्री का काम करता था. तीन-चार दिन पहले ही रामनवमी का पर्व मनाने घर आया था. इधर, गुरुवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले बोलेरो को भी जब्त किया है. जब्त बोलेरो को थाना में रखा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *