गुमला

Gumla : घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, बनी रेड टीम

Gumla : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में शहरी क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति को व्यवस्थित व सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सदर एसडीओ राजीव नीरज की अध्यक्षता में सभी गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों व संबंधित अधिकारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से एक विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक में घरेलू गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु विशेष धावा दल (रेड टीम) के गठन का निर्णय लिया गया.

यह दल जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में नियमित छापेमारी अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा. एसडीओ राजीव नीरज ने निर्देश दिया कि घरेलू गैस की आपूर्ति घर-घर तक करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया. कहा कि उपभोक्ताओं को गैस गोदामों तक आने की आवश्यकता न पड़े. इसके लिए डोर-टू-डोर डिलीवरी प्रणाली को सख्ती से लागू किया जाये. बैठक के दौरान गैस एजेंसी प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर नागरिकों द्वारा गैस वाहनों को रोके जाने एवं गोदामों में अनावश्यक भीड़ व अव्यवस्था उत्पन्न किये जाने के कारण होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है. जिसपर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस बल की तैनाती एवं सख्त निगरानी के निर्देश दिये.

वहीं एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव द्वारा सभी गैस गोदामों में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही गयी. ताकि अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके एवं आपूर्ति व्यवस्था बाधित न हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जायेगी और किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, अंचलाधिकारी हरीश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार चोपड़ा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संगीता कुमारी सहित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *