गुमला

Gumla : इमली पेड़ के नीचे लगी गांव की अदालत, खस्सी चोरी के पूछताछ में खुले कई राज

Gumla : चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने जब खुद पहल की, तो मामला दिलचस्प मोड़ ले गया. गुमला शहर से सटे फसिया पंचायत के तर्री गांव में खस्सी चोरी को लेकर ग्रामीणों ने इमली के पेड़ के नीचे ‘गांव की अदालत’ सजा दी. जहां पूछताछ के बाद संदिग्ध युवकों से कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आये. शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे शिव मंदिर परिसर में जुटे ग्रामीणों ने महावीर साहू की खस्सी चोरी की घटना पर चर्चा शुरू की.

पंचायत में बुलाये गये एक युवक ने पहले खुद को बेगुनाह बताया. लेकिन जब ग्रामीणों ने सख्ती से सवाल-जवाब किये तो वह टूट गया और अपने साथियों के नाम उजागर कर दिये. इसके बाद माहौल और गर्म हो गया और अन्य संदिग्धों को भी पकड़कर पंचायत में लाया गया. पूछताछ के दौरान गांव और आसपास के इलाकों में हो रही कई चोरी की घटनाओं की परतें खुलती चली गयी. ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गये युवकों ने हाल के दिनों में इलाके में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर कई अहम जानकारियां दीं. जिससे यह साफ हुआ कि ये घटनाएं एक सिलसिलेवार तरीके से अंजाम दी जा रही थीं.

हालांकि इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर युवकों के साथ मारपीट भी कर दी. सूचना मिलते ही गुमला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. ग्रामीणों के चंगुल से पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गयी है. जहां उनसे पूछताछ जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं और संदेह स्थानीय युवकों पर था. उनका आरोप है कि नशे की लत के कारण ये युवक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *