गुमला में डिवाइडर से टकराया बाइक, जैप जवान की मौत
गुमला सदर थाना के खोरा पतराटोली गांव के समीप सोमवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान जैप (झारखंड आर्म्ड पुलिस) के जवान बन्दू उरांव के रूप में की गयी. वह सिसई थाना क्षेत्र के डड़हा गांव का निवासी था और उसके पिता का नाम शिवा उरांव बताया गया है. जानकारी के अनुसार बन्दू उरांव किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहा था. इसी दौरान तेज गति के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकरायी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी. घटना की खबर मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. इधर, दुर्घटना के कारण रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. जिससे आवागमन प्रभावित हुआ. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और वाहनों का परिचालन सुचारू कराया.
