गुमला

Gumla : जेसीबी से सुकर पालन फार्म हाउस जमींदोज, 12 लाख का नुकसान

Gumla : गुमला जिला के पालकोट प्रखंड में दबंगई और हिंसा का मामला सामने आया है. जहां बसिया रोड स्थित गांधी नगर बस्ती के समीप मुनी देवी द्वारा संचालित सुकर पालन केंद्र को जेसीबी मशीन से पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया. पीड़िता ने इस संबंध में पालकोट थाने में लिखित आवेदन देकर मनोहर प्रसाद सहित करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़िता के अनुसार, बीते सोमवार की रात करीब 11 बजे जब वह अपनी पुत्री के साथ फार्म हाउस पर थीं. तभी आरोपियों ने दो जेसीबी मशीनों के साथ धावा बोल दिया.

आरोप है कि हमलावरों ने मुनी देवी और उनकी बहू को बंधक बनाकर उनके हाथ-पांव बांध दिये और मुंह बंद कर दिया. ताकि वे शोर न मचा सकें. इसके बाद जेसीबी से सुकर पालन केंद्र की चारदीवारी और पक्के मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी फार्म हाउस से करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य के पांच बड़े सुकर और 30 बच्चे लूट ले गये. इस घटना के दौरान उन्हें जातिसूचक गालियां देते हुए अपमानित भी किया गया. मकान और बाउंड्री टूटने से हुए नुकसान को मिलाकर कुल क्षति 12 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है. रात करीब 1.30 बजे जब पीड़िता का बेटा ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पहुंचा. तब आरोपी मौके से फरार हो गये. मामले की गंभीरता को देखते हुए पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर गहनता से जांच की जा रही है, जिसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *