गुमला

Gumla : अपराधियों ने घर में घुसकर वृद्ध की गला दबाकर की हत्या

Gumla : गुमला के चैनपुर प्रखंड स्थित कुरूमगढ़ थाना के लुरु गांव में बुधवार की रात अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर पर हमला बोल दिया. इस हमले में अपराधियों ने 75 वर्षीय वृद्ध शिबू उरांव की गला दबाकर हत्या कर दी. जबकि उनकी पत्नी 70 वर्षीय धानो देवी की भी गला दबाकर मारने की कोशिश की. इस हाथापायी में धानो देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. मृतक के परिजन बाबूलाल ने बताया कि बुधवार को घर की बहू जमबी उरांव एक शादी समारोह में शामिल होने के लिये रिश्तेदारी में गयी थी. घर पर केवल शिबू उरांव और उनकी पत्नी धानो देवी अकेले थी. इसका फायदा उठाकर अज्ञात अपराधी घर में घुस गये. रात 10 बजे के लगभग पहुंचे अपराधियों ने पहले शिबू उरांव के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

पति की चीख पुकार सुनकर जब धानो देवी वहां पहुंचीं, तो अपराधियों ने उन पर भी हमला कर दिया और उनका भी गला दबाने की कोशिश की. महिला के शोर मचाने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये. गुरुवार को सुबह बहू जमबी उरांव घर वापस लौटी. तब इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ. उसने देखा कि ससुर की मौत हो चुकी थी और सास जख्मी हालत में तड़प रही थी. घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसआइ दिनेश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है. वहीं, घायल वृद्ध महिला को इलाज के बाद परिजन उसे वापस गांव ले गये.

हत्या का कारण तलाश रही है पुलिस

हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर आशंका जतायी जा रही है कि इस वारदात के पीछे भूमि विवाद या फिर अंधविश्वास (डायन बिसाही) जैसे कारण हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है और अपराधियों की धर-पकड़ के लिये छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस के आला अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने तक कुछ भी कहने से बच रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *