बिशुनपुर में दर्दनाक हादसा, पुल नहीं रहने के कारण रास्ता दिखा रहे युवक की बस से कुचलने से मौत
गुमला के बिशुनपुर थाना क्षेत्र स्थित बोराग़ नदी में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में कटिया निवासी 37 वर्षीय कमलेश उरांव की मौके पर ही मौत हो गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटिया गांव के लोग श्याम रथ बस से जाहुप कोकोटोली से एक बड़ा मेहमानी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे. वापसी के दौरान बस जब पुल विहीन बोराग़ नदी के पास पहुंची. तब रास्ता स्पष्ट नहीं होने के कारण कमलेश उरांव बस से उतरकर चालक को नदी पार करने के लिए रास्ता दिखाने लगे.
इसी दौरान नदी पार करने के क्रम में अचानक बस अनियंत्रित हो गयी और कमलेश उरांव को रौंदते हुए आगे बढ़ गयी. घटना इतनी भयावह थी की मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही बिशुनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है तथा स्थानीय लोगों ने नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन से ठोस पहल करने की अपील की है.
