गुमला

अति दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना अत्यंत गर्व की बात है : दिलेश्वर महतो

झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में गुमला जिले के विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किये जाने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर भवन गुमला में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस वर्ष गुमला जिले ने जैक बोर्ड परीक्षाओं में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए माध्यमिक परीक्षा में पूरे राज्य में प्रथम स्थान एवं इंटर कला संकाय में प्रथम, विज्ञान संकाय में द्वितीय व वाणिज्य संकाय में तृतीय स्थान प्राप्त कर पूरे राज्य में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है.

कार्यक्रम में शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो ने सहित जिले के सभी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. मौके पर माध्यमिक परीक्षा में राज्य स्तरीय सेकेंड टॉपर रहे विद्यार्थियों, जिला स्तर पर टॉप 10 में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों एवं 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 310 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला अंतर्गत टॉप 10 में जगह बनाने वाले कुल 40 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. जिसमें कला संकाय के 16 विद्यार्थी, वाणिज्य संकाय के 11 विद्यार्थी तथा विज्ञान संकाय के 13 विद्यार्थी शामिल रहे. इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के मैट्रिक परीक्षा में टॉप-3 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के विशेष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा 100 से भी अधिक विद्यालय प्रधानों, बोर्ड परीक्षा विजय अभियान में योगदान देने वाले लगभग 70 शिक्षकों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय मॉनिटरिंग टीम, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों तथा विभिन्न स्तरों पर कार्यरत कर्मियों को भी सम्मानित किया गया.

मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला जैसे अति दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना अत्यंत गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एक दिन की नहीं, बल्कि वर्षों के सतत प्रयास, सुनियोजित रणनीति और टीम वर्क का परिणाम है. उन्होंने कहा कि इस सफलता में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रशासन सभी की समान भूमिका रही है. अब सबसे बड़ी चुनौती इस उपलब्धि को निरंतर बनाये रखना है. उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पण, दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यही तीन गुण जीवन में सफलता सुनिश्चित करते हैं.

अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक ने कहा कि इस आयोजन के वास्तविक नायक छात्र-छात्राएं हैं. जिनकी मेहनत के कारण आज पूरा जिला गौरवान्वित हो रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों को समय का महत्व समझते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा कहा कि हर बच्चा प्रतिभाशाली होता है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन की होती है. सिविल सर्जन गुमला डॉक्टर शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना कोई भी सफलता संभव नहीं है और निरंतर परिश्रम तथा अनुशासन ही वास्तविक सफलता की पहचान है. डीसीएलआर गुमला राजीव कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेकर बेहतर रणनीति बनायी गयी. जिसका परिणाम इस वर्ष सामने है.

एसडीओ सदर राजीव नीरज ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने वर्तमान में सफलता प्राप्त की है. उसी प्रकार भविष्य में भी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास जारी रखें. एसडीओ चैनपुर पूर्णिमा कुमारी ने कहा कि यह उपलब्धि सभी की सामूहिक मेहनत और सटीक रणनीति का परिणाम है और आगे भी इसी प्रकार प्रयास जारी रखे जायेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *