झारखंड पर्यटन इन्फ्लुएंसर्स मीट-अप में गुमला के चार युवाओं ने बढ़ाया जिले का मान
झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपरेशन द्वारा पर्यटन विहार पतरातू में राज्य स्तरीय “झारखंड पर्यटन इन्फ्लूंसर्स मीट-अप” कार्यक्रम हुआ. इस कार्यक्रम में गुमला जिले के चार युवा इन्फ्लुएंसर्स का चयन होने पर जिले में खुशी का माहौल है. अंकित साहू हन्नी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए पूरे झारखंड से 10 हजार से अधिक युवाओं एवं डिजिटल कंटेंट निर्माताओं ने आवेदन किया था. जिसमें से लगभग 100 चयनित इन्फ्लुएंसर्स को ही आमंत्रित किया गया.
गुमला जिला से पूजा अहिरानी, जॉय उरांव, अंकित कुमार एवं दिलशाद का चयन इस कार्यक्रम के लिए किया गया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्यटन एवं कला विभाग के सचिव मुकेश कुमार, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
मीट-अप के दौरान चयनित इन्फ्लूंसर्स को झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर एवं पर्यटन स्थलों को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया. साथ ही यह चर्चा की गयी कि डिजिटल माध्यम से झारखंड पर्यटन को नई पहचान कैसे दी जा सकती है. गुमला के चयनित युवाओं ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि वे अपने वीडियो एवं सोशल मीडिया सामग्री के माध्यम से झारखंड तथा गुमला की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य आगे भी करते रहेंगे.
