गुमला

प्रेमी के इंतजार में 60 फीट ऊंचे बिजली पोल पर चढ़ी युवती

गुमला में एक युवती ने अपने प्रेमी के लिए ऐसा कदम उठाया जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होने लगी. प्रेमी से नाराज युवती बुधवार को 60 फीट ऊंचे हाईटेक विद्युत पोल पर चढ़ गयी और वहां से आत्महत्या की चेतावनी देने लगी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. जानकारी के अनुसार युवती किसी अन्य गांव की रहने वाली है. वह बाइपास रोड स्थित बायो पार्क में अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी. काफी देर इंतजार के बावजूद जब प्रेमी वहां नहीं पहुंचा तो युवती गुस्से में पार्क से निकलकर नदी टोली के पास स्थित करीब 60 फीट ऊंचे विद्युत पोल पर चढ़ गयी.

राहत की बात यह रही कि उस पोल में उस समय बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी. पोल के शीर्ष पर पहुंचकर युवती प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी और चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गयी तो वह जान दे देगी. नीचे खड़े लोग उसे समझाने के बजाय मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने में जुटे रहे. जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही 100 डायल के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गयी.

सूचना मिलते ही एएसआइ हेमा देवी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब युवती नहीं मानी तो पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पोल पर चढ़ाई की. करीब घंटों की मशक्कत के बाद जवान युवती तक पहुंचे और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया. इसी बीच युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गये. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. घटना को लेकर क्षेत्र में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा. लोगों के बीच प्रेम प्रसंग, युवती की जिद और पुलिस की साहसिक कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही. पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *