गुमला में चोरों के आतंक के बाद जागी पुलिस, व्यापारियों के साथ की बैठक, पुलिस बीट संख्या बढ़ायी गयी
गुमला में बढ़ी चोरी व चोरों के आतंक के बाद पुलिस जाग चुकी है. पुलिस ने चोरी की घटनाओं को रोकने व चोरों को पकड़ने के लिए व्यापारियों के साथ बैठक की. साथ ही रात्रि गश्ती को बढ़ाने के लिए पुलिस बीट संख्या बढ़ा दी गयी है. चोरी घटनाओं को लेकर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव व थानेदार विनय कुमार सिंह ने गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक की. जिसमें सुरक्षा और आपसी तालमेल बढ़ाने पर चर्चा हुई. स्थानीय व्यवसायियों की सुरक्षा, शहर में हो रही चोरी व छीनतई की घटना के रोकथाम, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने चर्चा की गयी.
सुरेश प्रसाद यादव ने जनता और व्यापारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा “अगर कोई बीट प्रभारी, इंस्पेक्टर या थाना प्रभारी आपकी शिकायत पर तुरंत एक्शन नहीं लेते हैं या आपकी बात नहीं सुनते हैं तो बिना झिझक सीधे मुझसे शिकायत करें. लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी. चेंबर ऑफ कॉमर्स और गुमला के व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि अब शहर में चोरी की कोई भी घटना छुपेगी नहीं. पूरा व्यापारी वर्ग और आम जनता पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर व्यवसायिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर सहमति बनी.
सीसीटीवी कैमरों का विस्तार को लेकर शहर के मुख्य बाजारों और संवेदनशील चौराहों पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनके रख-रखाव को लेकर चर्चा हुई. यातायात और अतिक्रमण की समस्या पर बाजारों में लगने वाले जाम से मुक्ति और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए चेंबर और पुलिस ने मिलकर काम करने का संकल्प लिया. बैठक में चेंबर के उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल, सचिव प्रणय कुमार, पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, हिमांशु केसरी, अनमोल गुप्ता, निवर्तमान अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष बबलू वर्मा, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, सहसचिव राहुल केसरी, पीआरओ प्रतीक अग्रवाल, रितेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार केशरी, कार्यकारिणी सदस्यों में गुरमीत सिंह, पंकज खंडेलवाल, अनिकेत कुमार, संजीव मालानी, विकास सिंह, उप समिति सदस्य शेखर अग्रवाल, रजत केसरी, शिवम जायसवाल, दिनेश कुमार, कुणाल कुमार समेत कई अन्य व्यापारी उपस्थित रहे.
