गुमला

घर आकर दी जान से मारने की धमकी, कुछ देर बाद पेड़ से लटका मिला 12 वर्षीय बच्चे का शव

चैनपुर थाना के कटकाही पुजराटोली गांव में 12 वर्षीय समीर चोरांठ का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. लेकिन घटना से ठीक पहले मृतक के पिता को मिली धमकी ने इस मामले को हत्या और आत्महत्या के रहस्य में उलझा दिया है. मृतक के पिता सुरेंद्र चोरांठ ने अपने बयान में खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब दो बजे गांव की ही एक महिला उनके घर पर आयी थी. वह समीर पर चोरी व अपने चार वर्ष की बच्ची के साथ गलत करने का आरोप लगा रही थी और बेहद गुस्से में थी.

उसने खुलेआम धमकी देते हुए कहा था कि आज तोर बेटा कहुं मिली हले मरूवामु, कहींयो दिखी हले उके आज नी छोड़ब (आज तुम्हारा बेटा कहीं भी मिला तो उसे मार डालूंगी, आज उसे जिंदा नहीं छोड़ूंगी) इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत तलवार निकालने तक आ गयी थी. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था. दिन के दो बजे मिले धमकी के बाद शाम में पांच बजे समीर का शव पास के ही पेड़ में फंदे से लटका हुआ मिला. मृतक समीर चोरांठ उत्क्रमित उच्च विद्यासलय छिछवानी में सांतवी कक्षा में पढ़ाई करता था.

खाना खाने की बात कहकर निकला था समीर

परिजनों के अनुसार, बुधवार की सुबह समीर और उसके पिता घर पर बकरियों के रहने के लिए कोरा (शेड) छार रहे थे. दोपहर करीब 12 बजे समीर तालाब में नहाने गया और एक बजे वापस लौटा. इसके बाद वह खाना खाने जा रहा हूं कहकर घर से निकला. लेकिन फिर वापस नहीं लौटा. शाम करीब पांच बजे शौच के लिये खेत गये ग्रामीणों ने देखा कि गांव के ही बरटोंगरी इलाके में एक एकसिया (बबूल) के पेड़ पर चुटिया लरंग (पेड़ की जंगली लता) के सहारे समीर का शव लटक रहा है. यह खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी.

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा. गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है. पिता के बयान और महिला द्वारा दी गयी धमकी के बाद पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है. हालांकि प्राथमिक रूप से यह सुसाइड का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस मर्डर और सुसाइड दोनों एंगल से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *