जिम्मेवार नागरिक बनकर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभायें : डॉक्टर शिबा
विश्व पर्यावरण दिवस पर गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉक्टर शिबा नारायण साहू व संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार शुक्ल ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक एवं हरे-भरे व स्वस्थ भविष्य के लिए जिम्मेदार कार्यों को प्रोत्साहित किया गया. प्राचार्य डॉक्टर शिबा नारायण साहू ने पर्यावरण की देखभाल की आवश्यकता पर बल दिया और छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें. वहीं संस्थान के निदेशक अभिजीत कुमार ने ऑनलाइन कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपना संदेश दिया. उन्होंने पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के आयोजन और उनमें भाग लेने के प्रयासों की प्रशंसा की. इस दौरान बेसिक साइंस एवं ह्यूमैनिटीज (बीएसएच) विभाग के प्रमुख शुभम झा ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व, पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों और सतत जीवनशैली अपनाने के उपायों पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति दी.
उन्होंने अपनी प्रस्तुति में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, जैव विविधता के नुकसान और पर्यावरण संरक्षण के आवश्यक कदमों के बारे में जागरूकता फैलायी. इसके साथ ही विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण विषय से संबंधित सामान्य ज्ञान, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. जिसमें सामान्य ज्ञान प्रथम आयुष कुमार (सिविल), द्वितीय आशुतोष कुमार (सिविल), तृतीय स्नेहल आर्यन श्रीवास्तव (बीसीए) व विवेक बड़ाइक (मैकेनिकल), चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम नूतन कुमारी (मैकेनिकल), द्वितीय आशीष किंडो (सिविल), तृतीय राजनंदनी कुमारी (सिविल) व विवेक बड़ाइक (मैकेनिकल) तथा भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्नेहल आर्यन श्रीवास्तव (बीसीए), द्वितीय विवेक बड़ाइक (मैकेनिकल) एवं तृतीय पुरस्कार राजनंदनी कुमारी (सिविल) व रोहिणी बेक (सिविल) को दिया गया.
