Chhath Puja 2025 : गुमला के इन तालाब में संभलकर जाएं छठ व्रती, तालाब में पानी अधिक
Chhath Puja 2025 : गुमला शहर के मुरली बगीचा, वन तालाब व सिसई रोड तालाब में छठ महापर्व होता है. प्रशासन ने तीनों तालाबों को साफ करा दिया है. सिसई रोड तालाब में हर दिन प्रतिमा विसर्जन हो रहा है. परंतु, विसर्जन के दूसरे दिन ही नगर परिषद के कर्मी तालाब की सफाई कर रहे हैं. हालांकि, जल स्तर की बात करें तो वन तालाब व सिसई रोड छठ तालाब में पानी अधिक है. जिस कारण यहां छठव्रतियों को थोड़ी सावधानी बरतनी होगी. ऐसे, प्रशासन ने इन दोनों तालाबों में पानी गहरा होने का बोर्ड लगा दिया है. जिससे छठव्रती या कोई भी व्यक्ति सावधानी पूर्वक तालाब में उतर सके. मुरली बगीचा के तालाब का पानी ठीक बताया जा रहा है.
यहां ज्यादा गहरा नहीं है. शुक्रवार को झारखंड चेंबर ऑफ कामर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने छठ तालाबों की स्थिति का जायजा लिये. उन्होंने कहा कि इसबार प्रशासन ने छठ पर्व से पहले सभी तालाबों को सुंदर व स्वच्छ कर दिया है. शहर के तीनों तालाब छठ से पहले साफ होना यह दिखाता है कि प्रशासन छठ पर्व को लेकर पूरी तरह एक्टिव होकर काम कर रहा है. इसके लिए गुमला उपायुक्त बधाई के पात्र हैं. जिनके प्रयास से छठ घाटों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
गहरे पानी की जगह रस्सी बांधा जाये
रमेश कुमार ने कहा है कि जहां-जहां पानी गहरा है. वहां पास रस्सी बांधा जाये. ताकि गहरे पानी में छठव्रती न जा सके और सुरक्षित रूप से छठ महापर्व मना सके. खासकर वन तालाब में गोताखोर को सुरक्षा की दृष्टि से छठ महापर्व पर तैनात किया जाये. प्रयास रहे कि गोताखोर सूर्य भगवान के अर्घ्य के समय तालाब के बीच में ही नाव में रहे.
नगर परिषद ने सफाई में झोंकी ताकत
गुमला शहर में जगह-जगह कूड़ा कचरा जमा हो गया था. परंतु, शुक्रवार को नगर परिषद ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दिया है. सुबह से शाम तक नगर परिषद के कर्मी शहरों में जहां जहां कूड़ा कचरा जमा है. उसे ट्रैक्टर से उठाकर डंपिंग यार्ड में फेंकते नजर आये. वहीं तालाब में जहां काई जम गया है. उसे भी साफ किया. ताकि तालाब में फिसलन न हो.
