गुमला

ताशा झा द्वारा रचित कविता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को शीर्ष 100 प्रविष्टियों में चुना गया है

गुमला की लक्ष्मण नगर निवासी अभिजीत झा एवं सोनाली त्रिपाठी की पुत्री ताशा झा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले का नाम रोशन किया है. भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के अधीन कार्यालय महानिदेशक पेटेंट, अभिकल्प एवं व्यापार चिह्न द्वारा स्कूली छात्रों के लिए आयोजित मौलिक कविता प्रतियोगिता में ताशा झा द्वारा रचित कविता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को शीर्ष 100 प्रविष्टियों में चुना गया है. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अमूल्य साहित्यिक योगदान को याद करने के उद्देश्य से कार्यालय द्वारा इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. जिसमें से देश भर के शीर्ष 100 बाल कवियों की रचनाओं को संकलित कर ‘अटल बाल हिन्दी कविता संग्रह, 2025’ का प्रकाशन किया गया था.

इस संग्रह का विमोचन वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा 9 मार्च 2025 को भारत मंडपम में किया गया था. इस उपलब्धि पर महानिदेशक प्रो डॉ उन्नत पी पंडित ने ताशा को बधाई पत्र के साथ उक्त कविता संग्रह की एक प्रति भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. ताशा की इस उपलब्धि पर 46 झारखंड बटालियन एनसीसी कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल पीबी शर्मा, डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला प्रधानाचार्या माधवी पांडेय समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *