सिसई रेफरल अस्पताल में बनेगा नया व आधुनिक भवन, प्रस्ताव देने का निर्देश
उपायुक्त दिलेश्व महत्तो ने शनिवार को रेफरल अस्पताल सिसई का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया. मौके पर चिकित्सा प्रभारी द्वारा उपायुक्त को अवगत कराया गया कि अस्पताल का वर्तमान भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में है तथा भवन की छत के हिस्से टूटकर गिर रहे हैं. जिससे मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा है.
उन्होंने बताया कि चिकित्सा सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए अस्पताल को समीपवर्ती भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वर्तमान भवन को तत्काल कंडम घोषित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर नये एवं आधुनिक अस्पताल भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने हेतु प्रस्ताव अग्रसारित करने का निर्देश दिया. अपर समाहर्ता राजीव नीरज व अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर प्रकाश सहित सिसई बीडीओ, सीओ एवं अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
