गुमला में फिर से शुरू होगा जिला फुटबॉल लीग
जिला फुटबॉल संघ गुमला की बैठक हुई. इस बैठक में गुमला जिले के 16 फुटबॉल टीमों के मैनेजर ने भाग लिया. बैठक पालकोट रोड स्थित कार्यालय में हुई. मौके पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया गया वर्ष 2026-27 के लिए जिला फुटबॉल लीग होगा. बैठक में शामिल हुए जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि गुमला में बंद पड़े जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता को पुन: शुरू किया जायेगा. इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा. ताकि गुमला में फुटबॉल खेल का जो क्रेज है. उसे जीवित रखा जा सके.
वक्ताओं ने कहा है कि लंबे समय से फुटबॉल लीग बंद रहने से खिलाड़ियों की प्रतिभा कुंठित हो रही है. इसलिए इसबार हम सभी को मिलकर इस प्रतियोगिता को शुरू करना है. शहर से लेकर गांव तक कई ऐसे खिलाड़ी हैं. जिनमें प्रतिभा भरी पड़ी है. लेकिन खेल का मैदान नहीं मिलने से वे निराश चल रहे हैं. इसलिए जिला लीग के माध्यम से अब खिलाड़ियों के निराशा का खत्म किया जायेगा. गुमला जो खेल नगरी के रूप में जाना जाता है. उसकी पहचान बनाये रखना है. इस बैठक में जॉन वेस्ली मिंज, प्रदीप राम, मनोज कुमार साहू, अमित एक्का, सुरेश उरांव, उमेश उरांव, अमर खलखो, अंदीप उरांव, अर्पित कुजूर, अंकित टोप्पो, अभिषेक बड़ा, रवि उरांव, रिंकू उरांव, रिंकू भगत, बृजेश यादव आदि उपस्थित रहे.
