गुमला

नदी में डूबने से महिला की मौत

गुमला के घाघरा थाना स्थित डूको पीपरटोली गांव स्थित कोयल नदी में बुधवार को कपड़ा धोने के दौरान लगभग 45 वर्षीय महिला की डूबने से मौत हो गयी. मृतका की पहचान बुधनी उरांव के रूप में हुई है. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने देर शाम पुलिस को दी. जिसके बाद घाघरा पुलिस घटना स्थल पहुंच शव को कब्जे में लेकर थाना ले आयी. परिजनों के अनुसार बुधनी उरांव बुधवार दोपहर घर से कोयल नदी कपड़ा धोने के लिए गयी थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे.

इसी बीच नदी किनारे कपड़े और अन्य सामान पत्थर पर रखा मिला. जिससे आशंका जताया गया कि कपड़ा धोने के दौरान फिसलने से गहरे पानी में चली गयी होगी. जिससे उसकी मौत हो गयी. उधर, नदी के आसपास गाय चरा रहे कुछ लोगों ने पानी में एक शव तैरता देखा. जिसके बाद उन्होंने गांव में इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गये. परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान बुधनी उरांव के रूप में की. इसके बाद घाघरा पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *