गुमला

पिता ने सोये हुए नशेड़ी बेटे को टांगी से काटकर मार डाला

गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गयी. एक ओर जहां करीडा गांव में एक पिता ने अपने ही पुत्र की टांगी से वार कर हत्या कर दी. वहीं दूसरी ओर परसा गांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पहली घटना सिकोई पंचायत के करीडा गांव की है. जहां 67 वर्षीय अरुण लोहरा ने अपने 47 वर्षीय पुत्र रमेश केरकेट्टा की टांगी से वार कर हत्या कर दी.

पुलिस के समक्ष अरुण लोहरा ने बताया कि उसका पुत्र रमेश लंबे समय से नशे का आदी था और आये दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार करता था. गत शुक्रवार की शाम भी रमेश ने मारपीट किया था. जिससे वह बेहद आहत और गुस्से में था. रात में जब रमेश घर में सो रहा था. तभी अरुण लोहरा ने मौका देखकर टांगी से उसके सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से रमेश की मौके पर ही मौत हो गयी. ग्रामीणों को घटना की जानकारी शनिवार की सुबह में हुई. जिसके बाद रायडीह पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने आरोपी पिता अरुण लोहरा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.

परसा में वृद्ध महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

दूसरी घटना रायडीह थाना क्षेत्र के परसा गांव की है. जहां 70 वर्षीय फगनी उरांव (पति स्वर्गीय सोमा उरांव) की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार फगनी उरांव गांव में अकेली रहती थी. गत शुक्रवार रात उन्होंने भोजन किया और अपने घर में सोने चली गयी. शनिवार सुबह जब काफी देर तक वह घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को शक हुआ. पड़ोसी जब उनके घर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो फगनी उरांव मृत अवस्था में पड़ी थी. स्थानीय लोगों के अनुसार महिला के चेहरे पर चोट के गंभीर निशान थे. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल रायडीह पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जूट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *