नदी में डूबने से छात्रा की मौत, क्लास छोड़ तीन बच्ची नदी गयी थी
गुमला के भरनो थाना क्षेत्र के बड़ा तुरीअम्बा गांव निवासी राजेश महतो की 6 वर्षीय बेटी पिंकी कुमारी की मौत मसिया नदी में डूबकर हो गई. मृतका पल्स टू हाई स्कूल तुरीअम्बा के कक्षा एक की छात्रा थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश अपनी दो बेटियों को आज सुबह स्कूल छोड़कर आया था ।बताया जा रहा है कि स्कूल अवधि में ही तीन बच्चियां स्कूल के पास नदी गई थी. उसमें एक बच्ची डूब गई ।स्कूल ड्रेस में ही बच्ची का शव ग्रामीणों ने नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
परंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया. मृतक के परिजनों ने स्कूल के शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. बच्ची की मां ने कहा कि जब बच्ची स्कूल से बाहर निकली तब स्कूल के सभी शिक्षक,शिक्षिका कहां थे. बच्चियों को स्कूल से बाहर जाने से क्यों नहीं मना किया. स्कूल की लापरवाही से बच्ची की जान चली गई.
इधर इस संबंध में स्कूल के एचएम बलवीर तिग्गा ने कहा कि बच्ची की मौत से सभी लोग दुखी हैं. स्कूल में बाउंड्री नहीं होने के कारण बच्चे बाहर निकल जाते हैं. आज भी लंच के समय तीन बच्चियां स्कूल से भागकर नदी की ओर चली गई थी और घटना घट गई.
