Gumla News : स्वर्गीय कार्तिक उरांव का गांव लिटाटोली बनेगा मॉडल विलेज, बोले सांसद सुखदेव भगत
Gumla News : गुमला के लिटाटोली गांव में आदिवासियों के मसीहा स्व कार्तिक उरांव की समाधि स्थल है. सांसद सुखदेव भगत ने इसे प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की. श्री भगत बुधवार को स्व कार्तिक उरांव की 101वीं जयंती पर लिटाटोली स्थित समाधि स्थल पर पुष्पार्चन किये. मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वर्गीय कार्तिक उरांव के गांव लिटाटोली को आदर्श गांव बनाने की दिशा में भी पहल की गयी थी. यहां मंत्री व राज्यपाल का भी आगमन हो चुका है. लेकिन हमारा प्रयास है कि यहां सिर्फ आगमन न हो. बल्कि इसे आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाये. सांसद ने कहा है कि कार्तिक उरांव हमारे लिए और पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. अगर संघर्ष या आत्मविश्वास की बात करें तो उसमें कार्तिक उरांव का नाम आता है. झारखंड सहित आसपास के राज्यों या विश्व पटल की बात करें तो कार्तिक उरांव बहुत बड़ी शख्सियत हैं. वे राजनीतिक नहीं, बल्कि एक सामाजिक व्यक्ति थे. उन्होंने शिक्षा पर बहुत ही जोर दिया था. ताकि समाज के बच्चे पढ़-लिखकर आगे बढ़ सके.
उन्होंने कहा कि मैंने सरकार के पास प्रस्ताव रखा है कि कार्तिक उरांव की जीवनी को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाये. ताकि बच्चे उसे पढ़कर प्रेरणा लें और यह जान सके कि यदि आपके मन में इच्छाशक्ति है तो आप उसे हासिल कर सकते हैं. कार्तिक उरांव ने छोटे से गांव से उठकर विश्व के सबसे बड़े पावर हिल प्ले स्टेशन जो परमाणु संयत्र है. उसका डिजाइन तैयार किया था. उन्हें 1969 में मंत्रालय दिया गया था. लेकिन उन्होंने उसका भी त्याग किया. उनका मानना था कि इससे वे एक जगह पर बंध जायेंगे. लेकिन उन्हें कहीं बंधना नहीं था, बल्कि समाज के लिए काम करना था. जिसे उन्होंने बखूबी किया. सांसद ने कहा कि कार्तिक उरांव की समाधि स्थल को प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. चूंकि हम झारखंडी हैं. इसलिए इको फ्रेंडली तरीके से बनाया जायेगा.
मौके पर नगर परिषद गुमला के निवर्तमान अध्यक्ष सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपनारायण उरांव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा, प्रखंड अध्यक्ष गुलाम सरवर, विधायक प्रतिनिधि मनीष कुमार, खालिद शाह, आशिक अंसारी, मुरली मनोहर प्रसाद, शनि राम, रोहित उरांव, मोहम्मद आजाद, जय कुमार, शहजाद अंसारी, अनिरुद्ध चौबे, अभिषेक सोरेंग, रफी अली, रोशन कुमार, मोहम्मद सागिर, कृष्णा लोहरा, आदित्य भगत, विजय उरांव, दिलबहार, भैयाराम उरांव, अनिल उरांव सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
