गुमला

Video : स्कॉर्पियो की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, डेढ़ घंटे तक सड़क जाम

Video : गुमला स्थित घाघरा प्रखंड क्षेत्र के इटक़िरी गांव में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 60 वर्षीय मनकुंवर देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-नेतरहाट मुख्य पथ को इटक़िरी के समीप जाम कर दिया. ग्रामीण मृतका के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने तथा दुर्घटना स्थल पर बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर (ठोकर) निर्माण की मांग पर अड़े रहे.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (संख्या JH15AF-5240) बिशुनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी मनकुंवर देवी को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बताया गया कि मनकुंवर देवी सुबह अपने घर से गोबर फेंकने के लिये निकली थीं. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का पीछा किया. बताया जाता है कि वाहन का पीछा गुमला तक किया गया, लेकिन चालक वाहन सहित फरार होने में सफल रहा. इसके बाद ग्रामीण वापस घटनास्थल लौट आए. सूचना मिलने पर घाघरा थाना के एसआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. तब तक आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था.

ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने के साथ-साथ दुर्घटना स्थल पर बैरिकेडिंग एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग रखी. एसआई मनीष कुमार ने ग्रामीणों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया. साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग संबंधित विभाग तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया. सड़क जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *