फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
गुमला थाना क्षेत्र के कसीरा गांव निवासी उमेश चंद्र साहू ने पुल निर्माण कार्य में साझेदारी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, जान से मारने की धमकी देने तथा फायरिंग कराने का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई तथा अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है. थाना को दिये गये आवेदन में उमेश चंद्र साहू ने बताया है कि रांची स्थित विमला इंटरप्राइजेज के संचालक रोहित तुलसीयान एवं उनके सहयोगी पंकज सिंह उर्फ अणु सिंह ने कुलाबिरा और घाघरा क्षेत्र में पुल निर्माण कार्य में उन्हें पार्टनर बनाया था. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुल निर्माण कार्य में उन्होंने अपनी ओर से लगभग 10 लाख रुपये खर्च किये. इसके अलावा दो किस्तों में एनइएफटी के माध्यम से 3.50 लाख रुपये भी कंपनी के खाते में भेजे. जिसके बैंक दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं. उन्होंने बताया कि निर्माण सामग्री, मजदूरी और अन्य कार्यों पर भी उन्होंने बड़ी राशि खर्च की.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विभाग से अधिकांश भुगतान कंपनी के खाते में होने के बावजूद उन्हें उनकी साझेदारी व खर्च की राशि नहीं दी गयी. पैसा मांगने पर लगातार टालमटोल किया गया और झूठा आश्वासन दिया जाता रहा. उन्होंने आरोप लगाया है कि कि पंकज सिंह अपने लाइसेंसी हथियार का भय दिखाकर लोगों को डराने का काम करता है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि आठ सितंबर 2024 की रात कसीरा स्थित उनके घर के शटर पर गोली चलायी गयी थी. उनका आरोप है कि यह घटना उन्हें डराने अथवा जान से मारने की नीयत से करायी गयी. ताकि उनके बकाया राशि हड़पी जा सके. इस संबंध में उन्होंने नौ सितंबर 2024 को भी गुमला थाना में लिखित शिकायत दी थी. उमेश चंद्र साहू ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी मूल राशि एवं देय लाभ दिलाने की मांग की है.
