Dunduria Bus Stand : गुमला के दुंदुरिया बस स्टैंड का विरोध, 200 बसें नहीं चली, एक नवंबर को भी परिचालन रहेगा ठप
Dunduria Bus Stand : गुमला शहर के दुंदुरिया बस डिपो में लोहरदगा व घाघरा रूट के लिए बस स्टैंड बनाये जाने के विरोध में बस ऑनर एसोसिएशन गुमला के आह्वान पर शुक्रवार को 200 बसें नहीं चली. जिससे यात्री परेशान रहे. ललित उरांव बस स्टैंड की दुकानें बंद रही. व्यवसाय पर व्यापक असर पड़ा है. बस ऑनर ने अचानक बसों का परिचालन ठप कराया. इस कारण यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं हुई. सैंकड़ों यात्री बस स्टैंड पहुंचे. तब उन्हें बसें नहीं चलने की जानकारी मिली. हालांकि, कई यात्री निजी गाड़ी बुक कर रांची गये. इसके लिए यात्रियों को तीनगुना भाड़ा देना पड़ा. इधर, दुंदुरिया में बस स्टैंड बनाये जाने के विरोध में सैंकड़ों बस मालिक, एजेंट, कंडक्टर, चालक पटेल चौक के पास जमा हुए.
प्रशासन से मांग किया कि पहले की भांति लोहरदगा रूट की बसों का परिचालय ललित उरांव बस स्टैंड से हो. अगर प्रशासन हमारी मांग नहीं मानती है तो अनिश्चितकाल के लिए बसों का परिचालन ठप कर देंगे. बस ऑनर के कार्यकारी अध्यक्ष शिवप्रसाद सोनी ने कहा है कि गुमला से करीब 200 बसों का परिचालन होता है. ये सभी बसें नहीं चली. प्रशासन को बंद की सूचना दी गयी थी. परंतु, प्रशासन ने कोई वार्ता नहीं किया. जिस कारण एक नवंबर को भी बसें नहीं चलेगी. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन नगर परिषद को बस से 50 हजार रुपये से अधिक का राजस्व मिलता है. बसें नहीं चलने से राजस्व की क्षति हुई है.
लोहरदगा व घाघरा रूट के लिए दुंदुरिया बस डिपो में स्थायी बस स्टैंड बनाया गया है. साथ ही दुंदुरिया में सभी प्रकार की सुविधा व व्यवस्था भी बहाल की जा रही है. इसलिए लोहरदगा रूट की बसें दुंदुरिया स्टैंड से ही छूटेगी. बसों के परिचालन ठप करने के संबंध में एक नवंबर को बस ऑनर से वार्ता की जायेगी. इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
राजीव नीरज, एसडीओ, गुमला
गुमला में बसों का परिचालन ठप करने की सूचना प्रशासन को 30 अक्तूबर को ही दे दिया गया था. परंतु, प्रशासन ने अबतक इस संबंध में किसी प्रकार का वार्ता या बैठक नहीं किया है. जिस कारण बसों का परिचालन ठप कर दिया गया है. जबतक डीसी से वार्ता नहीं होती है. बसों का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए ठप रहेगा. वार्ता के बाद निर्णय लेंगे.
शिव प्रसाद सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष
