खेल

जीत का ‘गोल’ कर नेशनल की राह बनाई, संत पात्रिक गुमला की बेटियां बनीं राज्य चैंपियन

राज्य स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता–2026 के अंडर-17 बालिका वर्ग में गुमला जिला की टीम ने शानदार एवं अपराजेय प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला के तत्वावधान में खेल रही संत पात्रिक उच्च विद्यालय गुमला की छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए झारखंड का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है. कप्तान सबरनी कुमारी के नेतृत्व में गुमला की टीम पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक एवं अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया. टीम की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पूरे टूर्नामेंट में किसी भी विपक्षी टीम को एक भी गोल करने का अवसर नहीं मिला.

फाइनल मुकाबले में हजारीबाग के विरुद्ध 2-0 की जीत में दोनों गोल कप्तान सबरनी कुमारी ने दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक विजय दिलायी और मैच की नायिका रही. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन एवं राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग के द्वारा सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार सहित विजेता ट्राफी प्रदान की गयी. इस शानदार प्रदर्शन के साथ गुमला की टीम ने 18 अगस्त 2026 से नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गुमला जिले के बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम, गुमला की खिलाड़ी प्रशिक्षक वीणा केरकेट्टा के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. वहीं इस उपलब्धि पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, एसपी हारिस बिन जमां, डीडीसी अनिमेष रंजन, डीएसइ नूर आलम खां, डीएसओ प्रवीण कुमार, संत पात्रिक स्कूल के प्राचार्य फादर नबोर मिंज, फादर रंजीत, एडीपीओ ज्योति खलखो, बीपीओ दिलदार सिंह, शिक्षक अलबन मिंज, जितेंद्र कच्छप, उत्तम लकड़ा, खेल प्रेमी कृष्णा उरांव सहित अन्य ने खिलाड़ियों को बधाई दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *