Video : सोशल मीडिया पर ये गलती पड़ सकती है भारी! गुमला डीसी ने जारी की बड़ी चेतावनी
जिला समाज कल्याण विभाग गुमला के तत्वावधान में मंगलवार को नगर भवन गुमला में स्कूली विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता विषय पर कार्यक्रम हुआ. मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो थे. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गयी. बताया गया कि अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से डिवाइस एवं व्यक्तिगत डेटा को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिये. क्योंकि बैंक अथवा सरकारी अधिकारी कभी भी ऐसी गोपनीय जानकारियां नहीं मांगते हैं.
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी, फोटो एवं लोकेशन सार्वजनिक करने से बचने तथा लॉटरी, इनाम, नौकरी अथवा सस्ते ऑफर के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आपातकालीन सहायता नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा झारखंड साइबर सेल के ई-मेल सहित एवं अन्य संपर्क सूत्रों की जानकारी साझा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर अथवा इंटरनेट के माध्यम से प्राप्त किसी भी संदिग्ध सूचना, कॉल अथवा संदेश पर बिना जांच-पड़ताल के विश्वास नहीं करना चाहिये और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिये. कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने किया.
डीडीसी ने साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियों से कराया अवगत
डीडीसी अनिमेष रंजन ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से जुड़ी वास्तविक घटनाओं एवं वर्तमान समय की चुनौतियों से अवगत कराते हुए कहा कि आज के दौर में विभिन्न मोबाइल एप्लीकेशन कैमरा, माइक्रोफोन एवं लोकेशन जैसी सुविधाओं का एक्सेस मांगती हैं. जिनका दुरुपयोग भी किया जा सकता है. इसलिए सभी को अनावश्यक बैकग्राउंड एक्सेस बंद रखने की आदत विकसित करनी चाहिये. उन्होंने सोशल मीडिया एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा किया.
इंटरनेट व कंप्यूटर का सतर्कता व समझदारी से उपयोग करें : सुरेश प्रसाद
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि इंटरनेट एवं कंप्यूटर आधुनिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण साधन हैं. लेकिन इनके उपयोग में सतर्कता एवं समझदारी अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से अनधिकृत लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध वेबसाइटों एवं संदेशों से दूर रहने की अपील की. एसडीपीओ बसिया ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए अपनी निजी जानकारियां किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन गतिविधियों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी.
